Like us on Facebook?

Powered by Blogger.

Text Widget

Advertisements

Search This Blog

सूरत पुलिस कमिश्‍नर राकेश अस्‍थाना का कहना है कि जरूरत पड़ी तो नारायण साईं का नार्को टेस्‍ट और ब्रेन मैपिंग भी करवाया जाएगा. यौन शोषण के आरोपी नारायण साईं को आज सु‍बह हवाई जहाज से सूरत ले जाया गया है. यहां उन्‍हें अदालत के सामने पेश किया जाना है. साईं पर सूरत की दो बहनों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है.
इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने स्वयंभू संत आसाराम के बेटे नारायण साईं को बुधवार को एक दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड पर गुजरात पुलिस को सौंप दिया था. महानगर दंडाधिकारी धीरज मोर ने ट्रांजिट रिमांड जारी की थी. गुजरात पुलिस ने यह कहते हुए ट्रांजिट रिमांड की मांग की थी कि नारायण साईं को सूरत की अदालत में पेश करना है, जहां से उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी हुआ है.
दूसरी ओर नारयण साईं ने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है. साईं ने कहा कि यह बुरा वक्‍त है बीत जाएगा. नारायण साईं को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पीपली गांव से मंगलवार रात गिरफ्तार किया था.


एजेंडा आज तक के दूसरे दिन 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा ने भी अपने सिनेमा और लाइफ पर बातें कीं. उन्होंने बताया कि वह जल्दी बोर हो जाती हैं, इसलिए डांस, एक्टिंग, सिंगिंग सब करती रहती हैं. बॉक्सर मैरीकॉम का पर्दे पर रोल निभाने को लेकर चल रही तैयारियों का जिक्र करते हुए प्रियंका बोलीं कि फिल्म के लिए उन्होंने थोड़ी-बहुत बॉक्सिंग सीखी है और अब वह हाई हील्स पहनकर भी बॉक्सिंग कर लेती हैं.
और कई मुद्दों पर बोलीं प्रियंका, पढ़िए उन्हीं की जुबानी...
बॉक्सर मैरीकॉम के रोल को लेकर
हां, कुछ ही दिनों में मेरे डोले दिखने लगेंगे आपको. जब भी लोग बायोपिक करते हैं तो अकसर ऐसा होता है कि उनकी जिंदगी का वह सुनहरा दौर पूरा हो चुका है. मगर मैरीकॉम अब भी एक्टिव हैं. तो बहुत मुश्किल था. मैं इसे हर लड़की की कहानी के तौर पर ट्रीट कर रही हूं. यह हर उस लड़की की कहानी है, जिसे बताया गया है कि तुम्हें इस तरह से चलना है, ऐसे करना है. जैसे मैरीकॉम ने बैरियर तोड़े, दूसरी लाखों लड़कियां भी तोड़ती हैं.
ट्रेनिंग के दौरान मुझे बहुत अच्छे से बॉक्सिंग आ गई है. अब मैं हाई हील्स में भी बॉक्स कर सकती हूं. मैराथन भी दौड़ सकती हूं. (प्रियंका खड़े होकर बॉक्सिंग के टिप्स भी देती हैं)
मैरीकॉम को अपने नाखून कटवाने पसंद नहीं हैं. लंबे नाखून हैं और उन पर नेल पॉलिश सजी रहती है. ऐसे में बॉक्सिंग करने से उनको इंजरी भी बहुत हुईं. मगर मैंने इस रोल की प्रैक्टिस के दौरान अपने नाखून कटवा लिए.
वैसे मैं कभी इस स्पोर्टस में नहीं रही. तो बहुत मुश्किल ट्रेनिंग रही. आप खेल की एक्टिंग नहीं कर सकते न. मुझे जिम जाना पसंद नहीं. डायटिंग करना पसंद नहीं. मगर इस फिल्म की ट्रेनिंग के लिए बहुत कुछ करना पड़ा. 6 घंटे की बॉक्सिंग प्रैक्टिस के बाद कुछ घास-फूस खिला देते थे. मैं एक चोपड़ा हूं, तो सोचिए पंजाबी के साथ कितना अत्याचार है.
मुझे नहीं लगता कि फील्ड में कोई है मुकाबले के लिए. वैसे इंडियन फिल्म एक्ट्रेसेस से बहुत पूछा जाता है कि नंबर वन और टू कौन है. कौन आगे है, कौन पीछे है. मगर मैं खुद को किस्मत वाली मानती हूं कि हर साल मुझे कुछ अच्छी फिल्में मिल जाती हैं.
बर्फी का रोल ऐसे मिला मुझे
मेरे लिए जिंदगी का सबसे एक्साइटिंग रोल था ये. अनुराग बसु मेरे घर से आए. मैं शूटिंग से लौटी थी. वह बैठे ड्राइंग रूम में. पांच मिनट हैलो हाय के बाद बोले- अब चलता हूं. मैंने पूछा कि बताइए, कुछ बात थी क्या. लेकिन उन्होंने नहीं बताया. मैंने पूछा-क्या हुआ तो बोले मैं फिल्म के लिए आया था. पर तुम ना बोल दोगी. तुम नहीं करोगी. प्रियंका ने जब जबरन पूछा तो उन्होंने रोल सुनाया. एक ऑटिस्टिक लड़की है. तो प्रियंका ने पूछा कि ये रोल तो कई लोग कर चुके हैं. अनुराग बोले कि जब तक मैं किसी लड़की को रियल में कास्ट नहीं कर लेता, इस कैरेक्टर को ठीक से लिख नहीं पाऊंगा. मैंने उनसे कहा, बस पांच दिन दीजिए और उसके बाद जो हुआ, वो आपके सामने है.
गाना क्यों गाया मैंने
मुझे विरासत में मिला है. मेरे पापा सिंगर थे. बहुत अच्छा गाते थे. डॉक्टर थे, मगर फौज में सब उनको सिंगिंग सर्जन कहते थे. तो मैं बचपन से ही गाने लगी. पापा का सपना था कि मैं सिंगर बनूं. जब यूनिवर्सल ने मुझसे एलबम की बात की, तो डैड बहुत एक्साइटेड हो गए. तीन-चार साल पहले की बात है. तब उनकी तबीयत भी खराब चल रही थी. मगर वह बहुत खुश थे. अब लगता है कि ये पापा का सपना है, तो ज्यादा से ज्यादा बेहतर ढंग से करना चाहिए.
अफवाहों से कितना असर पड़ता है?
मैं प्राइवेट रहती हूं. पॉलिटिकली करेक्ट या कुछ और नहीं हूं. मुझे लगता है कि 90 फीसदी मैं एक्टिंग के जरिए पब्लिक को देती हूं. तो 10 फीसदी अपने और फैमिली के लिए बनता ही है न.
इसे ऐसे समझिए. रात में हम घर पर होते हैं. सोने से पहले पाजामे में होते हैं. कई बार घंटी बजते ही हम गाउन पहन लेते हैं. ये सब इंस्टिक्ट से होता है. हमें पता होता है कि कितना पर्सनल होना है या नहीं. वही चीज इंडस्ट्री को लेकर भी है. कब पाजामा में रहना है, कब गाउन के साथ. मैं पब्लिक पर्सन हूं मगर मैं एक लड़की हूं और मुझे हक है कि अपनी निजी जिंदगी को खुद तक रख सकूं.
मुझे अफवाहें ज्यादा प्रभावित नहीं करतीं. मगर जब लोग, जर्नलिस्ट या राइटर्स अपना ओपिनियन बिना सच्चाई जाने देते हैं, तो तकलीफ होती है.
पापा की अंगूठी का किस्सा क्या है?
मेरे पापा ने मुझे बहुत लाड दिया है. इसीलिए मेरी कलाई पर लिखा है डैडीज लिटिल गर्ल. मुझे नहीं पता कि कितनी बेटियों को अपने पापा से इतना प्यार मिलता है. कि उनके पापा उनके बेस्ट फ्रेंड हों. मैं उनसे हर बात कर सकती थी. साथ ही आंखों की शर्म भी थी. ऐसा ही लाइफ पार्टनर भी चाहिए मुझे. जब पापा ने मुझे ये कीमती रिंग दी थी तो यह एक सिंबल था. कि जो भी मेरी जिंदगी में आएगा, उसे इतना ही खयाल रखना होगा. मगर मीडिया में खबरें उड़ती रहीं कि ये प्रियंका को रिंग किसने दी.
क्या करण जौहर कैंप में आपकी एंट्री बंद है?
हां मेरे करण जौहर से कुछ मतभेद हैं. मैं इससे इनकार नहीं करूंगी. हमने एक महीने बात नहीं की. मगर अब सब ठीक है. मैंने हाल में कॉफी विद करण किया.तो आई गेस अब सब ठीक है.
लड़कियों को लेकर समाज में पाबंदी को लेकर
जब मैं 18 साल की थी तो मुझे 10 बजे तक घर लौटना होता था. ये मेरे पापा का रूल था. हर घर में हेड ऑफ द फैमिली तय करता है. मैं यहां बैठकर नहीं कह सकती कि लड़कियों को कब तक बाहर रहना चाहिए या नहीं रहना चाहिए. मगर हमारे देश के कल्चर को हम दिन पर दिन बांधने वाला न बनाएं. मर्यादा फैमिली के ऊपर निर्भर करती है. इसे बाकी सब लोग आप पर नहीं थोप सकते.



एजेंडा आज तक में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में नरेंद्र मोदी की कोई लहर नहीं है और कुछ दिनों बाद होने वाले चुनाव में ये साफ हो जाएगा. मायावती के लिए संबोधन पर परिहास करते हुए वह बोले कि हमें उनको अब बहन जी नहीं बुआ बोलना चाहिए.
सियासत पर बात करते हुए अखिलेश बोले कि समाजवादी पार्टी पूरे देश में किसी से भी चुनाव के पहले गठबंधन नहीं करेगी. कांग्रेस के साथ को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वह रेस में ही नहीं है. मायावती पर हमला करते हुए अखिलेश ने कहा कि पिछली सरकार जनता का पैसा पत्थरों पर खर्च कर रही थी.
जानिए और क्या बोले अखिलेश:
पिता जी श्री मुलायम सिंह यादव ने यही लक्ष्य दिया था कि फैसले और काम तेजी से हों. मायावती पर हमला करते हुए अखिलेश बोले कि बजट का पैसा पत्थरों पर खर्च हो रहा था. उन्होंने कहा कि हमने पुरानी सरकार की बेकार योजनाओं को रोककर जनता के खजाने का पैसा जनता तक पहुंचाया.
राज्य में गिरती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश बोले कि आपको मामले दिखते हैं क्योंकि हमारे निर्देश पर पुलिस शिकायत दर्ज करती है, मामला छिपाती नहीं.
सरकार को कई मुख्यमंत्री चला रहे हैं, इस सवाल पर अखिलेश का जवाब था कि सपा सरकार की उपलब्धियों पर कोई बात नहीं कर रहा. कोई विद्या धन या लैपटॉप स्कीम पर बात नहीं कर रहा, वहां सब कह रहे हैं कि सरकार ठीक कर रही है.
आजम खान के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि आप जानते हैं कि सरकार कैसे चलती है. उन्होंने कहा कि कैबिनेट का आखिरी फैसला सीएम ही लेता है. दंगों के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि जब कभी सपा की सरकार आती है, कई ताकतें सामने आ जाती हैं, मगर हम उनसे सख्ती से निपटते हैं.
अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण के सवाल पर यूपी के सीएम बोले कि चाहे दंगे हों या कोई और कल्याणकारी योजना, सरकार हिंदू और मुसलमान में फर्क नहीं करती. उन्होंने कहा कि रही झूठे मुकदमे वापस लेने की बात, तो ऐसा सिर्फ मुस्लिम युवकों के साथ ही नहीं किया गया. कई विपक्षी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भी मामले वापस लिए गए.
मोदी के मसले पर अखिलेश बोले कि टीवी वाले रैलियों का मुकाबला करवा रहे हैं. हमको हकीकत पता है. ऑडियंस में बैठे विहिप के प्रवीण तोगड़िया ने अखिलेश यादव से सवाल पूछा कि आपकी सरकार सिर्फ मुसलमानों की बेटियों को ही बीस हजार की प्रोत्साहन राशि क्यों देती है? सिर्फ मुसलमान आरोपियों को ही कानूनी राहत क्यों देती है? क्या यह देश के खिलाफ नहीं है? इस पर अखिलेश बोले कि संविधान में कहां लिखा है कि कोई राजनीतिक दल अपने चुनावी मेनिफेस्टो को लागू न करे. हमने जो किया अपने घोषणापत्र के अनुसार और कानून के तहत किया.
चुनावी गठबंधन के सवाल पर अखिलेश बोले कि हम चुनावों में पूरे देश में किसी से भी गठबंधन नहीं करेंगे. उन्होंने तीसरे मोर्चे की हिमायत करते हुए कहा कि चुनाव के बाद इस पर बात करना ठीक होगा.
सपा के अंग्रेजी विरोध पर सीएम की सफाई थी कि हम उस भाषा के खिलाफ नहीं हैं. हम इतना चाहते हैं कि हिंदी को प्रतिष्ठा और सम्मान से जोड़ा जाए न कि अंग्रेजी को.


एजेंडा आज तक के युवा नेता सेशन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और सांसद अनुराग ठाकुर, बीजू जनता दल सांसद जय पांडा और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव.
युवा राजनीति और देश के नेतृत्व पर बात करते हुए अनुराग बोले कि यूथ 60 साल के मोदी में अपना नेता देखता है क्योंकि वह सही समय पर सही मुद्दे उठाते हैं और उनकी आवाज को आगे रखते हैं. आरपीएन सिंह बोले कि राहुल गांधी टीवी डिबेट और सोशल मीडिया का हिस्सा नहीं बनते, मगर वह गांव-देहात में घूमकर लोगों से और युवाओं से कम्युनिकेट कर रहे हैं. जय पांडा ने कहा कि जो युवा नेता सांसद बन जाते हैं, उनकी भी आवाज संसद में ठीक से नहीं सुनी जाती. तेजस्वी यादव ने अपने पिता की तरह कम्युनल फोर्स से लड़ने की बात करते हुए कहा कि वह न तो पार्टी में कोई पद लेंगे और न ही चुनाव लड़ेंगे.
चारों नेताओं से पूछा गया पहला सवाल कि आप राजनीति में खानदान की वजह से आए या खुद की मर्जी से. देखिए क्या जवाब रहे उनके...
तेजस्वी: मेरे मां-बाप सीएम रह चुके हैं. शुरू से ही घर में राजनीतिक माहौल था. संस्कार में था कि कोई भी घर आए तो उसे खाली हाथ नहीं लौटाना. तो पॉलिटिक्स खून में थी. रही बात मेरी राजनीति की तो मैं देश के 50 फीसदी वोटर यानी युवाओं की राजनीति करना चाहता हूं.
जय पांडा: मैं किसी पॉलिटिकल फैमिली से नहीं हूं. मैं शामिल हुआ, क्योंकि मुझे सिस्टम से गुस्सा आता है. ऐसा नहीं कि जो पॉलिटिकल फैमिली से आते हैं, उनमें टैलेंट नहीं. मगर हमारे सिस्टम में जब तक लेवल प्लेइंग फील्ड न हो, कोई आम आदमी बिना कनेक्शन और नेटवर्क के इसमें आ सकता हो, तब तक इस तरह का बदलाव न आए. लोकतंत्र में कमी रहेगी.
अनुराग ठाकुर: युवा बाउंड्री लाइन के बाहर बैठकर देश नहीं बदल सकते. युवा भारत दबंग भारत बनता जा रहा है. सही दिशा की जरूरत है. सही दिशा दो तो ताक बनेंगे. वर्ना आफत बनेंगे.यही मेरी सोच थी, इसलिए मैं राजनीति में आया. मुझे लोगों का आशीर्वाद मिला. मुझे लगता है कि अच्छे लोग बुरी सरकार तब चुनते हैं, जब वह वोट नहीं करते.
आरपीएन सिंह: जब मेरे पिता जी थे, उन्होंने कभी नहीं चाहा कि मैं इसमें आऊं. जब वह थे, तो मैंने न कभी कुर्ता पाजामा पहना, न मंच पर चढ़ा. मैं 23 साल का था, जब उनका देहांत हुआ. मैं अमेरिका में वर्ल्ड बैंक में काम करना चाहता था. हमारा यहां 18 एकड़ का लीची का बगीचा था. तो पिता चाहते थे कि जब मैं भारत आऊं तो उसकी देखभाल करूं.बचपन में मैं एक्टर बनना चाहता था.मगर अब देखिए आपके सामने हूं.
16 दिसंबर से बेचैन थे सोनिया-राहुल: आरपीएन
दिल्ली गैंगरेप के दौरान कहां थे राहुल गांधी, इस सवाल पर आरपीएन सिंह ने सफाई दी कि राहुल, सोनिया इस मुद्दे पर चिंतित थे और लगातार बैठक कर रहे थे. उस दौरान सोनिया जी के घर के बाहर जो बच्चे, जो युवा धरना दे रहे थे, उन्हें सोनिया जी ने अगली सुबह बुलाया.बात की. उन्होंने जो आवाज उठाई. उसे हमने बिल में रखा.
कानून के बाद भी बढ़ रहे हैं महिलाओं पर अत्याचार
युवाओं के गुस्से पर अनुराग ठाकुर बोले कि महिलाओं के बचाव के लिए सख्त कानून बन रहे हैं. मगर फिर भी मामले बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि जरूरत सोच बदले की है. नैतिक मूल्यों की गिरावट रोकने की है. इसके लिए स्कूल और कॉलेजों में जाना होगा.
चुनाव नहीं लड़ूंगा, पद भी नहीं लूंगा: तेजस्वी
क्या बड़े परिवार के युवा ही आ सकते हैं राजनीति में, इस सवाल पर जय पांडा बोले कि ऐसा एक बार हो सकता है, मगर उसके बाद तो आपको परफॉर्म करना ही होगा. उन्होंने कहा कि संसद में युवा सांसदों को बहस के मौके कम मिलते हैं. आप आंकड़े देख सकते हैं. उन्हें मुद्दों पर स्वतंत्र राय रखने का पार्टी व्हिप के चलते मौका भी नहीं मिलता है.
 अपने परिवार और पार्टी का पक्ष रखते हुए तेजस्वी बोले कि न तो मेरे पास कोई पद है और न ही चुनाव लड़ने की इच्छा है. मैं तो बस युवाओं को राजनीति से जोड़ना चाहता हूं.
कांग्रेस में युवा आ रहे आगे: आरपीएन
मौजूदा हालात पर आरपीएन सिंह बोले कि कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों में एक बदलाव का दौर चल रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर राज्य में युवा आगे ला रही है.राजस्थान में जितेंद्र सिंह और सचिन पायलट. मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली में अजय माकन और संदीप दीक्षित.
राहुल गांधी की अहम मुद्दों पर छाई चुप्पी पर चुटकी लेते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल कैसे करेंगे मोदी का मुकाबला. मोदी जी हर मुद्दे पर अपनी सोच सामने रखते हैं और पूरा देश उस पर चर्चा करता है. उधर राहुल गांधी हैं कि लगातार बस चुप्पी ही साधे रहते हैं.
मौजूदा सरकार युवाओं से बात नहीं करती: पांडाइस मसले पर जय पांडा बोले कि राहुल गांधी भले ही पद से इनकार करते रहें मगर सच यही है कि उनके पास बहुत पावर है. उन्होंने कहा कि सरकार गठबंधन के चलते शिथिलता का तर्क देती है. मगर दस बारह साल पहले भी यही स्थिति थी, तब सरकारें कैसे परफॉर्म कर लेती थीं.
 पांडा ने कहा कि मौजूदा सरकार का मुखिया ऐसा है कि युवाओं से कम्युनिकेशऩ स्थापित ही नहीं होता.पांडा बोले कि मसला सिर्फ मोदी वर्सेस राहुल का नहीं है. पूरे देश में बदलाव आ रहा है और अब नीति के मुददे पर नेताओं को सबको और खासतौर पर युवाओं को बताना होगा.
राहुल टीवी पर नहीं आते, गांवों में जाते हैं: आरपीएन
आरपीएन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी टीवी पर आकर कम्युनिकेट नहीं करते हैं. लेकिन वह गांव-देहात में जाकर, पैदल चलकर लोगों से बात करते हैं. सिंह बोले कि सोशल मीडिया और टीवी पर जो नहीं है, क्या वह जनता से जुड़ा नहीं है.अनुराग ठाकुर इस पर बोले कि अगर राहुल गांधी इतना ही कम्युनिकेट कर रहे हैं तो दागी नेताओं के बिल पर मीटिंग में क्यों नहीं बोले और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिल फाड़ते रहे.
तेजस्वी बोले कि 2014 तक राहुल गांधी और नमो नमो चलता रहेगा. मगर युवा को रीजन, रिलीजन और कास्ट से बाहर आकर स्टैंड लेना होगा. फिर अपने पिता लालू की तरह स्टैंड लेते हुए वह बोले कि कम्युनलिज्म के खिलाफ सेकुलर ताकतों को एक होना होगा, क्योंकि कम्युनल दल दंगा करते हैं और उससे युवा प्रभावित होते हैं.
मोदी की यूथ अपील पर अनुराग ठाकुर बोले कि नरेंद्र मोदी सही समय पर बोलते हैं. उनके मुकाबले राहुल बोलते ही नहीं. तो फर्क साठ या चालीस का नहीं, विचार का है.

मजहब की राजनीति ने भारत को न जाने कितने जख्म दिए हैं. फिर भी हर बार चुनावों के समय यह उन्माद इतना तेज कैसे हो जाता है. इस पर चर्चा हुई एजेंडा आज तक के सेशन 'वोट अपना मजहब पराया' में. सेशन में मेहमान थे जमीयत उलेमा-ए-हिंद मौलाना महमूद मदनी, बीजेपी के शाहनवाज हुसैन, विश्व हिंदू परिषद के प्रवीण तोगड़िया, वरिष्ठ नेता और एडवोकेट आरिफ मोहम्मद खान और कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी.
क्या मजहब इस देश में बस एक सियासी हथियार है. इस सवाल पर मदनी ने कहा कि हां लोग मजहब का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि इससे सत्ता में आना और मुद्दा उठाना दोनों कुछ आसान हो जाता है. लेकिन प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि देश के सभी राजनीतिक दल मुगलों की तरह हिंदुओं के खिलाफ काम कर रहे हैं. सबको मुस्लिम वोट बैंक की चिंता है और इसके फेर में देश की एकता-अखंडता और बहुसंख्यक हिंदू खतरे में है.
'कोई नहीं अल्पसंख्यक, कोई नहीं बहुसंख्यक'
इस मसले पर आरिफ मो. खान बोले कि भारत में ये सवाल करना कि क्या मजहब राजनीति का हथियार है, नादानी भरा सवाल है. इस देश का बंटवारा हुआ क्योंकि मजहब को राजनीति का हथियार बनाया गया.
माइनॉरिटी और मेजॉरिटी की बहस को नया मोड़ देते हुए वह बोले कि ऐसा इस देश में है ही नहीं. संविधान ने सबको बराबर हक दिया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी बोल चुका है कि माइनॉरिटी कौन है, इसकी कोई तय परिभाषा और स्थायी मानदंड नहीं.
उन्होंने कहा कि स्थायी तौर पर किसी को बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक मान लेना गलत है. विशेष अधिकार अगर किसी को दिए जाते हैं, तो उत्थान के लिए दिए जाते हैं, ताकि वह समाज में पिछड़े न रह जाएं मगर मौजूदा हालात में ये सिर्फ भेदभाव पैदा करते हैं.उन्होंने एक शेर पढ़ा कि जो लोग भुला देते हैं अपनी कौम की तारीख, उस देश के लोगों का भूगोल नहीं रहता.
मुजफ्फरनगर में देखिए क्या है मेजॉरिटी-माइनॉरिटी
सच्चर कमेटी के सवाल पर कांग्रेस के राशिद अल्वी बोले कि ये आदर्श स्थिति होती कि माइनॉरिटी और मेजॉरिटी का फर्क नहीं होता. मगर हकीकत में ऐसा नहीं है. आप आज जाकर मुजफ्फरनगर में देख लीजिए.
अल्वी बोले पाकिस्तान हमसे एक दिन पहले आजाद हुआ. उन्होंने कहा कि हमारे स्टेट का मजहब इस्लामिक है, सेकुलर नहीं. 25 साल बाद बांग्लादेश ने भी खुद को इस्लामिक स्टेट कहा. उधर हिंदुस्तान में पंडित नेहरू ने कहा कि यह देश हिंदू राष्ट्र नहीं सेकुलर बनेगा.आज देख लीजिए, तीनों देश कहां हैं.
बीजेपी का मुसलमानों के प्रति रुख क्या है. इस सवाल पर शाहनवाज हुसैन बोले कि बीजेपी के बारे में लोगों की राय हमारी वजह से नहीं बनी है. वह बोले-मुसलमान तो 1947 में ही फैसला कर चुके हैं कि हमें पाकिस्तान नहीं चाहिए. हम हिंदुस्तान में रहेंगे. तो जो हिंदुस्तान में हैं, उन पर सवाल कौन उठा सकता है. सेकुलरिज्म पर बुनियादी सवाल उठाते हुए शाहनवाज बोले कि ये बांटता है समाज को. उन्होंने कहा कि बीजेपी का बेवजह डर दिखाया जाता है मुसलमानों को.
बहस में हिस्सा लेते हुए मौलाना मदनी ने एक शेर पढ़ा कि हम इसी वतन की खाक हैं, हम यहीं मिलाए जाएंगे, न बुलाए किसी के आए थे, न निकाले किसी के जाएंगे. अल्वी बोले कि इस देश के राजनीतिक दल नहीं, देश सेकुलर है, इसलिए नेताओं को ये बात करनी पड़ती है.
तोगड़िया बोले इस्लामिक स्टेट बनने की कगार पर है भारत
अपने एजेंडे को सामने रखते हुए प्रवीण तोगड़िया बोले कि मुसलमान ज्यादा बच्चे पैदा कर रहे हैं. ज्यादा बच्चा पैदा करेंगे तो गरीब होंगे. उनके सरकारी खर्चे हिंदुओं के टैक्स से उठेंगे. ये रास्ता इस्लामिक स्टेट खड़ा करने का है.देश का हिंदू खतरे में है.
तोगड़िया के व्यू को काउंटर करते हुए आरिफ मोहम्मद खान ने संघ के मुखपत्र ऑर्गनाइजर में 1975 में छपे गुरु गोलवलकर के लेख का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने लिखा था कि जो लोग समान नागरिक संहिता की बात करते हैं, वह भारत की जरूरत समझते ही नहीं हैं.
बच्चों की दर पर आरिफ बोले कि ये मसला शिक्षा में कमी का है, धर्म का नहीं.और इसके शिकार दोनों ही धर्म हैं. आरिफ बोले कि बांटने के लिए सिर्फ मजहब का नहीं, भाषा और क्षेत्र का भी इस्तेमाल किया गया. क्या उन्हें भी अलग कर दिया गया. उन्होंने कहा कि दिक्कत सांप्रदायिकता से है.आरिफ बोले कि भारत सबसे पहला देश था, जिसने नागरिकता को धर्म से नहीं भूभाग से जोड़ा. उन्होंने कहा कि सीता का अपरहण करने वालों की नस्ल खत्म नहीं हुई. उसी तरह से अलगाववाद की बात करने वाले जिन्ना की नस्ल खत्म नहीं हुई.

Agenda Aajtak Tak 2013:Desi Girl session with Priyanka Chopra




एजेंडा आज तक में आए राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री कमलनाथ बोले कि नरेंद्र मोदी बीजेपी का आखिरी पत्ता हैं. इस पर जेटली बोले कि मोदी आखिरी नहीं सबसे मजबूत पत्ता हैं. मगर कांग्रेस क्या करेगी जिसके पत्ते का पता ही नहीं. इस चुनौती पर कमलनाथ ने कहा कि हमारा पत्ता सोनिया गांधी हैं, जो अपनी ताकत 2004 और 2009 के चुनाव में दिखा चुकी हैं.
जेटली बोले कि आज की जमीनी हकीकत ये है कि लोग सरकार से निराश हैं. इस पर कमलनाथ बोले कि दिल्ली देश नहीं है. जनता की परेशानी की बात बढ़ा चढ़ाकर बताई जा रही है. उन्होंने कहा कि 2009 में भी यही बात हो रही थी, नतीजा क्या रहा सब जानते हैं.
कमलनाथ ने कहा कि लोग अपनी मुश्किलों का शॉर्टकट उपाय चाहते हैं. जेटली बोले कि एंटी इनकमबैंसी की आड़ में कैसे बच सकती है कांग्रेस, कई राज्यों में मुख्यमंत्री लगातार चुनाव जीत रहे हैं.
मोदी की हवा खारिज करते हुए कमलनाथ ने कहा कि उनकी रैली में भीड़ आती नहीं लाई जाती है. उन्होंने कहा कि मोदी की सरकार अगर इतनी ही अच्छी चल रही थी तो 2004 और 2009 में कांग्रेस का लोकसभा चुनाव में इतना अच्छा प्रदर्शन कैसे रहा.
राहुल गांधी की रैली में भीड़ की कमी पर कमलनाथ बोले कि ये दिल्ली की दिक्कत है. यहां सभा का कल्चर खत्म हो रहा है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में उन्हें सुनने के लिए 200 किलोमीटर दूर से आए.
जेटली ने राहुल पर चुटकी लेते हुए कहा कि एक रैली में कम भीड़ समझ आ सकती है. मगर फिर इस डर से कोई सभा ही नहीं करना तो राजनीतिक पलायन है. जेटली बोले कि इस देश का प्रधानमंत्री कांग्रेस की एक रैली में भी नहीं आया.उन्होंने कहा कि दिल्ली के चुनाव में शीला दीक्षित को कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने अकेला छोड़ दिया.
नए गठबंधन साझीदारों के सवाल पर जेटली बोले कि अगर बीजेपी मजबूत होगी, तभी एनडीए मजबूत होगा. बीजेपी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही मजबूत हो सकता है. उन्होंने कहा कि जब हमारे पास नंबर होंगे, हम सही स्थिति में होंगे तो कई साझीदार मिलेंगे.
हालिया विधानसभा चुनावों के बारे में कमलनाथ बोले कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बना रही है. वह बोले कि मोदी ने मेहनत तो बहुत की है, मगर ऐसा उन्होंने कर्नाटक में भी किया था. नतीजा सामने है.
पत्तों पर सिमटी बहस जेटली और नाथ की
बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी के मुकाबले राहुल गांधी की कम सक्रियता से जुड़े सवाल पर कमल नाथ बोले कि बीजेपी अपना आखिरी पत्ता चल चुकी है. इस पर जेटली बोले कि कांग्रेस भले ही मोदी को आखिरी पत्ता कहे, मगर हम उन्हें सबसे मजबूत पत्ता मानते हैं. जेटली ने पूछा कि कांग्रेस का क्या, जिसके पास कोई पत्ता ही नहीं है.
इस पर कमलनाथ बोले कि खास किस्म के पत्ते चल चलकर ही बीजेपी यहां तक पहुंची है.उन्होंने कहा कि मोदी के जवाब में सोनिया गांधी हमारा पत्ता हैं. जो 2004 और 2009 में बखूबी चल भी चुका है.टीवी की बहस को खारिज करते हुए कमलनाथ बोले कि पहले के चुनावों में भी उनके अनुमान गलत साबित हो चुके हैं.
किसका होने जा रहा है राजतिलक, इस सवाल पर कमलनाथ बोले कि मुझे यकीन है कि देश की जनता कांग्रेस पर विश्वास रखेगी.उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछड़ रही थी इसलिए मोदी को सामने लाई.कांग्रेस सही समय पर अपने पत्ते खोलेगी. इस मसले पर जेटली बोले कि मोदी की लोकप्रियता के लिए अब बयान जारी करने की जरूरत नहीं है.

बीजेपी पर जब-तब फब्ती कसने वाले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के मुताबिक बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी बदल रहे हैं. मोदी के कड़े आलोचक माने जाने वाले दिग्विजय ने कहा कि नरेंद्र मोदी अपनी कट्टरपंथी विचारधारा को छोड़ रहे हैं. एजेंडा आज तक के दूसरे सेशन में बीजेपी नेता स्मृति ईरानी के साथ 'राजनीति का धरम-करम' पर चर्चा करते हुए दिग्विजय ने यह बात कही.
उन्होंने कहा, 'मोदी कट्टरपंथी विचारों को छोड़ रहे हैं. मैं इसकी प्रशंसा करता हूं. अब उन्हें भी समझ में आ रहा है कि इस देश में कट्टरपंथी विचारों के साथ आप आगे नहीं जा सकते. वह समावेशी हो रहे हैं. अगर इस मामले में वह अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीति के नजदीक आ रहे हैं तो अच्छी बात है. सबको साथ लेकर चलने से ही देश आगे बढ़ेगा.'
इस पर स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्हें दिग्विजय के मुंह से मोदी की तारीफ सुनकर खुशी हुई. उन्होंने कहा कि मेरे लिए आज का एजेंडा इसलिए भी सफल रहा क्योंकि जिंदगी में पहली बार मैंने दिग्विजय सिंह के मुंह से मोदी की तारीफ सुनी. इस पर दिग्विजय सिंह ने मजाकिया लहजे में कहा, 'मोदी पर आपकी संगत का ही असर पड़ा है. आप बधाई की पात्र हैं.'
दिग्विजय ने यह भी कहा कि राहुल गांधी को धर्मनिरपेक्षता का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है. वह धर्मनिरपेक्षता के संस्कारों के साथ ही बड़े हुए हैं. मोदी की तारीफ के साथ दिग्विजय ने यह भी कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री को 2002 दंगों के पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की दिशा में भी कुछ करना चाहिए.

महात्मा गांधी कह गए कि इस देश में धर्म और राजनीति को साथ-साथ लाना होगा, लेकिन बहुत सारे लोग उनकी इस राय से जबरदस्त असहमति रखते हैं. तो भारत जैसे देश में, राजनीति का स्वरूप क्या हो, जहां ज्यादातर लोग दैनिक जीवन में अपनी धार्मिक आस्थाओं से संचालित होते हैं? एजेंडा आज तक के दूसरे दिन, पहले सेशन में, इसी विषय पर बात हुई. वक्ता थे देश की दो सबसे बड़ी पार्टियों के दो बड़े नेता. कांग्रेस की ओर से थे, सांप्रदायिक राजनीति पर अकसर प्रहार करने वाले दिग्विजय सिंह और बीजेपी की ओर से मोर्चा संभाल रही थीं टीवी परिवार की बहू रह चुकीं बीजेपी उपाध्यक्ष स्मृति ईरानी. लेकिन बातों ही बातों में दिग्विजय ने बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की तारीफ भी कर दी.
एजेंडा आज तक के दूसरे दिन के पहले सेशन में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह बोले कि उन्हें खुशी है कि बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी बदल रहे हैं और अटल बिहारी वाजपेयी की राह पर चलकर अपनी उदार छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक चायवाला पीएम बन सकता है, लेकिन नरेंद्र मोदी नहीं. दिग्विजय यह भी बोले कि अगर बीजेपी जीतती है तो उसे सुषमा स्वराज को पीएम बनाना चाहिए.
आगामी विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल में कांग्रेस की हार के अनुमान पर दिग्विजय ने कहा कि मैं 40 साल से राजनीति में हूं. बहुत उतार चढ़ाव देखे हैं. अब कुछ भी नतीजे आएं, नींद चैन की ही आती है. इसके बाद उन्होंने सिंहासन के सेमीफाइनल के राजनीतिक नफा-नुकसान को हल्का करते हुए कहा कि इससे लोकसभा चुनावों के लिए कोई अनुमान नहीं लगाना चाहिए.
इस मुद्दे पर बीजेपी की स्मृति ईरानी बोलीं कि मैं पहली बार दिग्विजय जी से सहमत हूं कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते हैं. फिर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कांग्रेस के उतार और कमल के चढ़ाव का वक्त आ गया है. 
मैं नहीं मानता किसी पोल सर्वे को: दिग्वजिय सिंह
दिग्विजय बोले कि मैं ओपिनियन या एग्जिट पोल सर्वे को तरजीह नहीं देता और इसकी नतीजों से कभी प्रभावित नहीं होता. इस पर स्मृति बोलीं कि आप न ओपिनियन पोल को तवज्जो देते हैं और न विधानसभा चुनाव की आवाज को महत्व देते हैं. स्मृति बोलीं कि प्रदेशों के चुनाव अगले लोकसभा चुनाव के लिए संकेत दे रहे हैं.
दिग्विजय बोले कि 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद हुए अधिकांश राज्य विधानसभा चुनावों में हमने चार में भाजपा से राज्य छीना है. उन्होंने सीटवार भी ब्यौरा दिया और फिर बोले कि बीजेपी जितना चाहे माहौल बनाए, नतीजे आने के बाद सब सामने आ जाएगा.
क्या है हमारी राजनीति का मिशन 2014
अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस नरेंद्र मोदी को राजनीतिक रूप से नहीं हरा सकती इसलिए डर्टी ट्रिक्स अपना रही है. इस कमेंट पर दिग्विजय बोले कि मोदी हमारे लिए मुद्दा नहीं हैं. बीजेपी के लिए होंगे. उन्होंने कहा कि मोदी के नाम पर विपक्षी पार्टी व्यक्तिवादी राजनीति कर रही है. इस पर स्मृति ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को एक परिवार की बंधुआ पार्टी बताया. स्मृति बोलीं कि बीजेपी के मुख्यमंत्री आम पृष्ठभूमि से आए हैं और उन्होंने अपनी मेहनत और काबिलियत से राजनीति में हैसियत बनाई है.
चाय वाला भी पीएम बन सकता है: दिग्जिवय
दिग्विजय बोले कि मैं पार्टी की विचारधारा और संगठन की बात करना चाहता हूं. उन्होंने कहा कि अगर केरल के मछुआरे का बेटा राष्ट्रपति बन सकता है, तो चाय वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है. दिग्विजय से पूछा गया कि ये कांग्रेस में क्यों मुमकिन नहीं है, तो वह बोले कि लीडर पेट से नहीं मतपेटी से ही पैदा होता है.दिग्विजय बोले कि दिक्कत आम आदमी से नहीं तानाशाह से है. उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि अगर बीजेपी सत्ता में आए तो सुषमा स्वराज प्रधानमंत्री बनें.स्मृति बोलीं कि काबिलियत तो राहुल गांधी से हजार गुना ज्यादा दिग्विजय सिंह में है. इनकी पार्टी इन्हें क्यों नहीं आगे लाती.
क्या मोदी स्वीकार होंगे देश को?
दिग्गी इस पर बोले कि ये देश अटल बिहारी और सुषमा स्वराज को स्वीकार कर सकती है. मगर मोदी जैसे कट्टर छवि वाले नेता को. स्मृति बोलीं कि दिग्विजय ये बात गुजरात चुनाव के पहले भी कहते थे. मगर नतीजों में पोल खुल चुकी है.
दिग्विजय सिंह ने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए एक किस्सा सुनाया.उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सांप्रदायिक हिंदू और सांप्रदायिक मुस्लिम दोनों के खिलाफ लडाई लड़ी.मुजफ्फर नगर दंगों का जिक्र करते हुए वह बोले कि जिन विधायकों पर दंगा करने का आरोप है, उन्हें नरेंद्र मोदी की आगरा रैली में सम्मानित किया गया. इस पर स्मृति ने सफाई दी कि उन विधायकों को कोर्ट ने दोषी नहीं माना.
कांग्रेस तो मुस्लिम लीग के बगलगीर है
कांग्रेस के सांप्रदायिक मुसलमानों से लड़ने के सवाल पर स्मृति ने केरल का जिक्र किया, जहां कांग्रेस मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार चला रही है.उन्होंने कहा कि वहां कम उम्र बच्चियों की शादी को लीगल करने की सरकार बात कर रही है. इस पर दिग्गी बोले कि जिन्ना की मुस्लिम लीग और केरल की मुस्लिम लीग में फर्क है. केरल की लीग में हिंदू भी शामिल रहे हैं.16 साल की बच्चियों की शादी के कानून के सवाल पर दिग्विजय सिंह बोले कि मैं उसका विरोध करूंगा.इतना कहने के साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में शिवराज चौहान सरकार को घेरने की कोशिश की.
मोदी का मुसलमान प्रेम कैसा है
अगर मोदी मुसलमानों को करीब लाने की कोशिश करें तो क्या हर्ज है.इस सवाल के संदर्भ में स्मृति ने दिग्विजय से पूछा कि राजस्थान के गोपालगढ़ में मुसलमानों पर फायरिंग हुई, मुजफ्फरनगर दंगों के राहत शिविर में बच्चे मर रहे हैं. कांग्रेस ने क्या किया. इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमने राजस्थान में कमीशन बैठाया और दोषियों को सजा दी. फिर उन्होंने गुजरात दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि मैं इस मसले को छेड़ना नहीं चाहता, मगर नरेंद्र मोदी को भी समझ आ गया है कि कट्टर छवि नहीं चलेगी. अब उन्होंने अपने भाषणों का रुख बदल लिया है और अटल बिहारी के रास्ते पर आने की कोशिश कर रहे हैं.मैं इससे खुश हूं.
संघ की तारीफ में बोले दिग्विंजय सिंह
दिग्विजय सिंह बोले कि अगर संघ को समझ आ गया है कि यहां सबसे विकास की बात होनी चाहिए, सर्वधर्म सदभाव की बात होनी चाहिए, तो ये देश के लिए अच्छी बात है.लेकिन राहुल गांधी इस तरह की बात क्यों नहीं कर रहे हैं. इस सवाल पर दिग्गी बोले कि राहुल तो पहले से ही सेकुलर हैं. दंगों के पीड़ितों के आईएसआई के संपर्क में होने संबंधी राहुल के बयान पर दिग्विजय सिंह ने सफाई दी कि यह बहुत मानवीय त्रासदी थी और आपको उन लोगों की मनोदशा समझनी होगी. बहस को आगे बढ़ाते हुए स्मृति बोलीं कि कांग्रेस को यहां का दंगा दिखता है, उनकी पीड़ा दिखती है, मगर असम के कोकराझार में लाखों लोगों को विस्थापित कर दिया गया और राहुल गांधी के मुंह से बोल नहीं फूटे.
स्नूपगेट के मसले पर क्या बोले दोनों
स्मृति ईरानी ने कहा कि जिस टेप को रिलीज करने वाले लोग ही श्योर नहीं हैं कि टेप असली हैं या नकली. उन पर पार्टी क्या सफाई दे. इस पर दिग्विजय सिंह बोले कि खुद अमित शाह टीवी पर आकर सफाई दे चुके हैं. फिर वह बोले कि इस प्रकरण में साफ साफ इंडियन टेलिग्राफ एक्ट का उल्लंघन हुआ है.इस पर स्मृति बोलीं कि अगर महिला के अधिकारों का उल्लंघन हुआ है, तो वह अब तक सामने क्यों नहीं आईं.फिर स्मृति ने कहा कि वैसे भी इस मामले की जांच के लिए आयोग बन चुका है. इस पर दिग्विजय सिंह बोले कि अरविंद केजरीवाल और नरेंद्र मोदी बड़ी अच्छी बात करते हैं, आरोप लगता है तो खुद ही जांच एजेंसी तय कर लेते हैं और खुद ही जज भी.


बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांप्रदायिक हिंसा बिल का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चिट्ठी लिखी है. मोदी के मुताबिक इस बिल के लाने का समय संदिग्ध है और साथ ही इसका मसौदा भी सही नहीं है.
मोदी ने पीएम को लिखी चिट्ठी में इस बिल को बेकार बताया. इसके साथ ही उन्होंने इसके मसौदे को भी घटिया करार दिया. मोदी ने इस बिल को 'रेसिपी फॉर डिजास्टर' करार दिया.
मोदी ने कहा कि इस बिल के जरिए राज्य सरकारों के अधिकारों पर असर पड़ेगा. मोदी ने माना कि सांप्रदायिक हिंसा पर सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन बिल का मसौदा और इसे लाए जाने का समय संदिग्ध है. उन्होंने पार्लियामेंट में इस बिल को लाए जाने की जल्दबाजी के लिए भी सरकार पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार का ऐसे बिल को पार्लियामेंट में पेश किया जाना संदिग्ध है. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि इस बिल को लाए जाने के पीछे सरकार की मंशा बस वोट बटोरना है.
वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि शीत सत्र में महिला आरक्षण बिल और सांप्रदायिक हिंसा बिल पर सरकार सहमति बनवाने की कोशिश करेगी.
सांप्रदायिक हिंसा बिल को लेकर मोदी के पीएम को लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, 'मोदी जी का काम ट्वीट करना है. वोटबैंक राजनीति और मुद्दों को विवादित बनाना उनका काम है.'


अपने परफेक्शन के लिए मशहूर एक्टर आमिर खान ने भी एजेंडा आज तक में शिरकत की. सेशन का नाम था- 'एजेंडा-ए-आमिर'. बहुत जल्द उनकी फिल्म 'धूम 3' भी रिलीज होने वाली है. फिल्म रिलीज से पहले आमिर ने साफ कहा कि वह फिल्म की कमाई की परवाह नहीं करते. उन्होंने शूटिंग के किस्से भी सुनाए.
धूम 3 में पहली बार एक्शन करने को लेकर...
धूम 3 में आमिर जबरदस्त एक्शन करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया, 'एक अरसे से मैंने एक्शन नहीं किया था.एक तरफ सत्यमेव जयते के दूसरे सीजन की तैयारी चल रही है. दूसरी तरफ धूम 3 के लिए सर्कस की ट्रेनिंग या फिर टैप डांस चल रहा था.फिलहाल मूवी का काम पूरा हो चुका है. बस प्रमोशन का कुछ हिस्सा बाकी है. अभी पूरा फोकस फिलहाल सत्यमेव जयते पर है. उसकी कहानी, उसके चेहरे सामने घूमते रहते हैं.'
आमिर ने कहा कि वह एक साथ बहुत सारी चीजें नहीं कर पाते हैं. ऐसा 13 साल बाद हो रहा है कि उन्होंने दो फिल्में एक साथ शूट कीं. ये फिल्में हैं पीके और धूम3.
धूम 3 की तैयारी का किस्सा
आमिर ने बताया कि धूम 3 की शूटिंग के दौरान वह सिंगल डिजिट बॉडी फैट तक पहुंच गए थे. अब ये 17-18 तक पहुंच गया है. पर इसमें बॉडी पर इतना फोकस नहीं है. उन्होंने बताया, 'मुझे जब प्रॉड्यूसर आदित्य चोपड़ा ने स्टोरी सुनाई. तो मैंने कहा कि हां, यार मैं करूंगा, पर मुझे एक साल चाहिए रोल की तैयारी के लिए. उन्हें अजीब लगा कि एक साल क्यों चाहिए. तो मैंने कहा यार जिम्नास्ट की तैयारी करनी होगी. वो बोले, लग तो रहे हो. मगर मैं अड़ा रहा. आज वह भी कहते हैं कि ये फैसला सही था.'
'फिल्म की कमाई मायने नहीं रखती'
जब आमिर से 100 करोड़ कमाई क्लब के दबाव के बारे में पूछा गया तो वह बोले, 'दबाव सिर्फ इतना होता है कि जो पैसे खर्च कर टिकट खरीद रहा है, उसे ये न लगे कि पैसे खराब हो गए. ये फिक्र रहती है कि वो एंटरटेन हुआ कि नहीं. मेरी सबसे फेवरिट फिल्म 'प्यासा' और 'मुगल-ए-आजम' हैं. मुझे नहीं पता कि उन्होंने कितना कमाया. अल्टीमेटली फिल्म आपके दिल में छूती है, जगह बनाती है. उसने कमाया कितना ये अहमियत नहीं रखता. मैं बस इतना चाहता हूं कि लोग मेरी फिल्म देखें और ये उनके लिए यादगार वाकया हो.'
'लॉस तो नहीं चाहता कोई'
जब आमिर से पूछा गया कि अगर फिल्म कमर्शियली न चले तो फर्क नहीं पड़ेगा, तो वह बोले कि इस बात का दुख उन्हें जरूर होगा क्योंकि एक फिल्म में बहुत पैसा लगता है. उन्होंने कहा, 'तो मेरी जिम्मेदारी है कि जिन्होंने पैसा लगाया है, उनका वापस हो जाए और 10-15 फीसदी मुनाफा भी हो जाए. तो लॉस मैं नहीं चाहता. कमाई कितनी ज्यादा हो जाए, 200 करोड़ हो जाए. उसकी ज्यादा फिक्र नहीं करता.'
आमिर फिल्मों को लेकर बहुत चूजी माने जाते हैं. जब उनसे धूम-3 के चुनाव पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कहानी, किरदार और मोड़ बहुत पसंद आए. उन्होंने बताया कि यह कहानी बहुत जज्बाती भी है. आमिर ने बताया, 'जब मैंने नैरेशन सुना तो मेरी आंखों में आंसू थे. इसमें सब कुछ है, एक्शन है, स्टंट है. बड़े-बड़े गाने हैं.'


इस बार दिल्‍ली विधानसभा में कई दिलचस्प बदलाव देखने में आ रहे हैं, जिनकी ओर एग्जिट पोल भी इशारा  कर रहे हैं. ऐसी ही एक बड़ी संभावना यह जताई जा रही है कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से दिल्ली की सीएम शीला दीक्षित चुनाव हार जाएंगी और उन्हें अरविंद केजरीवाल से मात मिलेगी.
इंडिया टुडे-ओआरजी के सर्वेक्षण के मुताबिक आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल शीला दीक्षित को पराजित कर सकते हैं. उसके मुताबिक केजरीवाल को 36 प्रतिशत वोट मिलेंगे जबकि शीला दीक्षित को 31 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं. इस निर्वाचन क्षेत्र में 74 प्रतिशत की वोटिंग हुई है जो अब तक का रिकॉर्ड है.
डॉ. हर्षवर्धन सबसे पसंदीदा
मुख्‍यमंत्री की रेस में फिलहाल डॉ. हर्षवर्धन सबसे आगे हैं. 37 प्रतिशत लोगों ने उन्हें बतौर सीएम पसंद किया है जबकि 29 प्रतिशत लोग वर्तमान सीएम शीला दीक्षित के साथ हैं. 25 प्रतिशत लोग पहली बार चुनावी अखाड़े में कूदे अरविंद केजरीवाल के साथ हैं.
इस सर्वेक्षण के तहत 3,000 से 4,500 लोगों की राय जानी गई, जिसके मुताबिक दिल्ली में 15 वर्षों के बाद कांग्रेस के हाथों से सत्ता फिसलती दिख रही है. इसके मुताबिक बीजेपी को 70 में से 41 सीटें मिल सकती हैं. वहीं, कांग्रेस जिसने पिछली बार 43 सीटें जीती थीं, इस बार आधे पर पहुंच सकती है. बीजेपी के अलावा आम आदमी पार्टी ने उसे जबर्दस्त टक्कर दी है. अगर ऐसा हुआ तो यह शीला दीक्षित के लिए भारी झटका होगा. ऐसा लग रहा है जैसे चुनाव में उनका विकास और रफ्तार वाला नारा बिल्‍कुल नहीं चला.



देश, दुनिया, महानगर खेल, आर्थिक और बॉलीवुड में क्‍या कुछ हुआ. जानने के लिए यहां पढ़ें समय के साथ साथ खबरों का लाइव अपडेशन...
10.52 AM: आगरा में मोदी ने दंगा आरोपियों को सम्मानित कियाः दिग्विजय सिंह.
10.49 AM: दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोकत्रंत में नेता पेट से पैदा नहीं होता.
10.47 AM: चाय वाला बन सकता है देश का प्रधानमंत्रीः दिग्विजय सिंह.
10.31 AM: प्रधानमंत्री ने कहा, महिला आरक्षण और सांप्रदायिक हिंसा बिल पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे.
09.33 AM: बढ़त के साथ खुला संसेक्स, 400 अंकों की बढ़त के साथ 21 हजार के पार.
08.55 AM: सांप्रदायिक हिंसा बिल लाने का समय संदिग्धः नरेंद्र मोदी.
08.52 AM: सांप्रदायिक हिंसा बिल पर नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी. सांप्रदायिक हिंसा बिल के विरोध में हैं नरेंद्र मोदी.
08.10 AM: नारायण साईं की आज सूरत कोर्ट में होगी पेशी.
08.02 AM: सूरत पहुंचा आसाराम का बेटा नारायण साईं. सूरत कोर्ट में आज होगी पेशी.
07.16 AM: नारायण साईं का अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार.
07.15 AM: सुबह आठ बजे सूरत पहुंचेगा नारायण साईं.
06.53 AM: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला आज. भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से शुरू होगा पहला वनडे मुकाबला.
06.10 AM: एजेंडा आजतक में आज भी बड़े मुद्दों पर होगी बड़ी बहस, उत्तर प्रदेश के मुख्ममंत्री अखिलेश यादव, दिल्‍ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, हरियाणा के सीएम भूपेंदर सिंह हुड्डा, गोवा के मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर विकास की राजनीति पर बहस करेंगे, अन्ना समेत और भी कई मेहमान पहुंचेगे एजेंडा आजतक के मंच पर.
05.50 AM: आज से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, महंगाई, गन्ना किसानों के साथ तेलंगाना और लोकपाल बिल पर सरकार को घेरने की विपक्ष की तैयारी पूरी.
05.45 AM: दिल्ली में नशा और रफ्तार का खतरनाक कॉकटेल, लाल बत्ती लगी कार से कांग्रेस नेता के बेटे ने बाईक सवारों को रौंदा, 2 की हालत गंभीर.
05.25 AM: आसाराम की मुसीबत का अंत नहीं, जोधपुर की अदालत में आज से शुरू होगा रेप केस का ट्रायल, अदालत ने दिया मौक, कहा-बेगुनाह हो तो साबित करो.
05.01 AM: सूरत ले जाने के लिए रातों रात एयरपोर्ट पहुंचाए गए नारायण साईं, रेप के आरोपों से किया इनकार, आज सूरत की अदालत में होगी पेशी.

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने निकाह करने का इतना जश्न मनाया कि मुश्किलों में घिर गए. इस गेंदबाज के खिलाफ विवाह संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. रियाज ने बीते शनिवार को शादी की थी.
लाहौर प्रशासन के अधिकारियों की ओर से गुरुवार को उनके घर पर छापा मारा गया. इसके बाद उन्हें आरोपी बनाया गया. पंजाब में पिछले महीने कानून बना है, जिसके मुताबिक रात 10 बजे के बाद तक शादी के जश्न और एक से अधिक पकवान परोसने पर रोक होगी.
लाहौर में इस इस कानून की चौतरफा निंदा की गई है. रियाज के पिता सिकंदर ने कहा कि उनके बेटे को 9 दिसंबर तक के लिए जमानत मिल गई.




एजेंडा आज तक के दौरान जब एक दर्शक ने शाहरुख से पूछा कि क्‍या आमिर-शाहरुख और सलमान कभी एक साथ फिल्‍म में दिखेंगे, तो शाहरुख ने हंसते हुए जवाब दिया कि तीनों खान को अफोर्ड करना मुश्किल है. एसआरके ने फैन से यहां तक कहा कि अगर आप अफोर्ड कर सको तो ऑफर कर दो. 



हिना रब्बानी खर के बाद एजेंडा आज तक के मंच पर आए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला. उन्होंने कश्मीर में खराब हालात का जिक्र करने वाली पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री को करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यह साल हमारे लिए आसान नहीं रहा. हालांकि पिछले साल के मुकाबले आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है.
कौन है कश्मीर का सबसे बड़ा दुश्मन
उमर अब्दुल्ला से पूछा गया कि जम्मू-कश्मीर का सबसे बड़ा दुश्मन कौन है, आतंकी, अलगाववादी या धारा 370 का विरोध करने वाले लोग? इस पर उन्होंने कहा कि वे लोग जो बंदूक का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि इससे सबसे ज्यादा अवाम का ही नुकसान होता है.
आर्मी के स्पेशल पावर एक्ट (आफ्स्पा) पर अब्दुल्ला बोले कि मैंने कई बार कहा है कि रियासत के कई इलाकों में अब फौज की जरूरत नहीं है. वहां तैनात फौज आतंकवाद से नहीं लड़ रही. इसके लिए सीआरपीएफ और सूबे की पुलिस काफी है.ये ऐसा मुद्दा है, जिसमें हम केंद्र के खिलाफ नहीं जा सकते. लेकिन एक न एक दिन उनको मानना होगा.
अभी केंद्र ने 2014 को मुद्दा बना लिया है. वे कहते हैं कि अफगानिस्तान से विदेशी फौजें हटेंगी उस साल और उसका असर जम्मू कश्मीर पर भी दिखेगा. हमने कहा, मुझे तो नहीं लगता, पर आपको लगता है, तो चलिए ये भी देख लेते हैं.
'चिदंबरम होम मिनिस्ट्री में थे तो सपोर्ट मिलता था'
अब्दुल्ला ने केंद्र और कांग्रेस रिश्तों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि जब तक चिदंबरम साहब होम मिनिस्ट्री में थे. हमें सपोर्ट मिल रहा था. मगर उनके बाद इतना सपोर्ट नहीं मिला.
अब्दुल्ला ने हाल ही में धारा 370 पर मोदी के बयान से शुरू हुए विवाद पर भी बात की. उन्होंने कहा कि इस आर्टिकल को लोग पूरे देश में गलतफहमी है. इस आर्टिकल के प्रावधान भारत के संविधान और सत्ता तंत्र ने बनाए हैं. उन्होंने कहा 2003-4 तक हम राज्य के उस कानून के खिलाफ थे, जो बाहर शादी करने पर भी जायदाद का हक बरकरार रखता था. मगर 2009 में सत्ता में आने के बाद हमने इसका विरोध नहीं किया. मेरा विरोध मोदी के गलत बयान पर था.
'मोदी के नाम से नहीं लगती मिर्ची'
मोदी के जलसे की हवाई फोटो ट्वीट करने के सवाल पर बिफरते हुए अब्दुल्ला बोले कि मुझे पिक करने के लिए हेलिकॉप्टर आ रहा था. वह मोदी की रैली के ऊपर से गुजरा. उन्होंने फोटो खींची और मुझे भेजी, मैंने सबके साथ साझा कर दी. अब्दुल्ला बोले कि मोदी के नाम से मुझे मिर्ची नहीं लगती है. उन्होंने कहा कि मोदी के नाम पर शोर मच रहा था. लाखों की भीड़ की बात हो रही थी, जबकि सिर्फ 50-60 हजार लोग आए.
'मोदी के आने से उनके काडर में जोश है'
मोदी के असर पर अब्दुल्ला बोले कि उनके पक्ष में लहर तो नहीं चल रही. वैसा हुआ था 1984 में राजीव गांधी के पक्ष में. मगर हां असर है. उन्होंने कहा कि जम्मू में बीजेपी की रैली बहुत सफल रही. इतनी भीड़ इससे पहले भारत ऑस्ट्रेलिया के मैच में हुई थी. या फिर दारा सिंह और किंग कॉन्ग की कुश्ती के दौरान. एक बार वाजपेयी जी के दौरे पर भी लोग आए थे.मगर हां, मोदी की रैली कामयाब रही. उनके काडर में जोश है.
एनडीए के फिर साथ आने के सवाल पर अब्दुल्ला बोले कि हमारा रिश्ता बीजेपी के साथ नहीं गठबंधन और अटल बिहारी वाजपेयी साहब के साथ था. उन्होंने कहा कि हमने एनडीए के साथ रहते हुए भी बीजेपी के खिलाफ जम्मू में चुनाव लड़ा.
'राहुल से नहीं है सियासी रिश्ता'
राहुल गांधी की राजनीति के मसले पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा उनसे सियासी रिश्ता नहीं है. उन्होंने कहा कि मेरी राहुल से क्या बात होती है, वो बंद कमरे का विषय है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सरकार की गलतियों का नुकसान उठाना पड़ रहा है.
अब्दुल्ला ने कहा कि हम टूरिज्म की बेहतरी को रियासत में सामान्य हालात से जोड़कर गलत करते हैं. ऐसा करते ही दहशतगर्द टूरिज्म को निशाना बनाते हैं. टूरिज्म को सिर्फ एक इकनॉमिक एक्टिविटी माना जाए. पिछले साल 14 लाख लोग कश्मीर की वादियों में आए. ये 90 के दशक से अब तक की सबसे बड़ी संख्या है. इनमें अमरनाथ जी की यात्रा करने वालों की संख्या शामिल है.
विजय जॉली ने पूछा उमर अब्दुल्ला से सवाल
ऑडियंस से पहला सवाल पूछा बीजेपी के नेता विजय जॉली ने. विजय सवाल पूछने के लिए खड़े हुए तो उमर अब्दुल्ला उन्हें पहचान नहीं पाए. उन्होंने परिचय पूछा. फिर उमर माफी मांगते हुए बोले, माफ कीजिएगा सर, मैं आपको जानता हूं, पर पहचान नहीं पाया. इस पर राहुल कंवल ने कहा, 'इस हफ्ते तो हर कोई जॉली साहब को पहचान रहा है' और पूरे हॉल में जोरदार ठहाका गूंज उठा.
खैर, जॉली ने उमर से सवाल करते हुए कहा कि धारा 370 जम्मू कश्मीर को देश से अलग रखती है. आपका क्या सोचना है. इस पर अब्दुल्ला बोले कि इसी धारा से मुल्क से सूबे का रिश्ता जुड़ा है. उन्होंने कहा कि 370 तो पुल का काम करती है. वह बोले कि बीजेपी बताए कि इसको कैसे हटा सकती है. देश को बताए. अब्दुल्ला के मुताबिक इसको हटाने का मतलब होगा जम्मू कश्मीर की संविधान सभा को फिर से बुलाना. इसके साथ ही विलय का मुद्दा पर उठ जाएगा. क्या आप ऐसा चाहते हैं.
'नवाज ने अपनी अवाम की संतुष्टि के लिए दिया होगा बयान'
नवाज शरीफ के हालिया बयान कि कश्मीर के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच जंग हो सकती है पर अब्दुल्ला बोले कि पाकिस्तान के पीएम ने अपनी अवाम की सोच और संतुष्टि के लिए कुछ बोला होगा. उस पर मेरे बोलने का कोई मतलब नहीं.
पाकिस्तान की सरकार की कोशिशों की बात को खारिज करते हुए अब्दुल्ला बोले कि उनकी सोच बदली नहीं है.उन्होंने कहा कि हमारे पीएम उनसे न्यू यॉर्क में मिलने की तैयारी करते हैं और उसके दो दिन पहले उनके यहां से लोग आकर सांबा सेक्टर में हमला करते हैं. हमारे यहां फोर्स कम थी, तो क्या उनके यहां भी नहीं थी.
उन्होंने सीमा पर जवानों के सिर काटे जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इतना सब होने पर भी हम पाकिस्तान से बात कैसे कर सकते हैं. खामोश कैसे बैठ सकते हैं.
राज्य में क्रिकेट की हालत पर टिप्पणी करते हुए उमर अब्दुल्ला बोले कि फिलहाल हम इंटरनेशनल मैच कराने की हालत में नहीं है, मगर कोशिश जारी है. उन्होंने कहा कि उनके पास स्तरीय स्टेडियम नहीं हैं और इसके लिए वह अपने वालिद फारुख अब्दुल्ला जो जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, से गुजारिश करते रहते हैं.